शनिवार, 12 सित॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

सारंगढ़ में बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, पिता भी गिरफ्तार

खर्च को लेकर हुआ था विवाद, हत्या के बाद पानी से धोया खून

09 सित॰ 2026 4 व्यू
सारंगढ़ में बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, पिता भी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे के हाथ अपनी ही मां के खून से सन गए। पुलिस ने मां की हत्या के आरोप में बेटे और पति दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 

पुलिस के मुताबिक सम्पत बरेठ ने थाना कोसीर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी बृतबाई बरेठ घर में मृत पड़ी है। मर्ग कायम कर जांच शुरू हुई। थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे ने FSL टीम के साथ निरीक्षण किया। शव पर चोट के निशान मिले और पोस्टमार्टम में गंभीर चोटों से मौत की पुष्टि हुई।

जांच में पता चला कि 04.09.2026 को घर में झगड़े की आवाजें सुनी गई थीं। संदेह पर बेटे सोहन बरेठ (24) और पति सम्पत बरेठ (57) को हिरासत में लिया गया।

सोहन ने बताया कि वह मां को इलाज के लिए विश्वासपुर ले गया था। शाम करीब 5 बजे घर खर्च को लेकर पिता से विवाद हुआ, मां ने पिता का पक्ष लिया तो वह भड़क गया। उसने मां को पीछे आंगन में ले जाकर फरसा, लकड़ी, पीढ़ा से बुरी तरह पीटा, जिससे मौके पर मौत हो गई। बाद में पानी से खून धोया और सो गया। रात 12 से 1 बजे के बीच शव को खटिया पर लिटा दिया। सुबह पिता को बताकर दोनों अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे, तभी कोटवार के बेटे ने रोककर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 134/2026, धारा 103(1), 238(क), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी, पीढ़ा और कपड़े जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को 06.09.2026 को गिरफ्तार कर 07.09.2026 को रिमांड पर भेजा गया।