रायपुर। पश्चिम बंगाल में 16 अक्टूबर से दुर्गा पूजा शुरू हो रही है। इस कारण रायपुर से कोलकाता-हावड़ा-शालीमार रूट की ट्रेनों में भारी भीड़ है और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
राजधानी रायपुर से बंगाल जाने वाले यात्रियों को 15 से 22 अक्टूबर के बीच कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। यात्रा से एक महीने पहले ही अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह पैक हो चुकी हैं।
हावड़ा दुरंतो और शालीमार में लंबी वेटिंग
रायपुर से कोलकाता रूट की सबसे प्रमुख ट्रेन हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261) 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी। 16 अक्टूबर को इसमें थ्री एसी में 26 वेटिंग है, जबकि एसी-2 और एसी-1 में रिग्रेट की स्थिति है। 18 अक्टूबर को थ्री एसी में 8 और एसी-2 में 4 वेटिंग है, जबकि 21 अक्टूबर को थ्री एसी में 36 और एसी-2 में 7 सीटें उपलब्ध हैं।
शालीमार एसएफ एक्सप्रेस (12905) में 15 और 16 अक्टूबर की यात्रा के लिए स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 सभी श्रेणियों में सीटें खत्म हो चुकी हैं या भारी वेटिंग चल रही है।
आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) जो रायपुर से बंगाल जाने वालों की सबसे पसंदीदा ट्रेन है, उसमें 15, 16 और 17 अक्टूबर को स्लीपर और एसी कोचों में भारी भीड़ है। अधिकांश श्रेणियों में बुकिंग बंद हो चुकी है। 21 और 22 अक्टूबर को भी इसमें लंबी वेटिंग लिस्ट है।
एलटीटी शालीमार एक्सप्रेस (18029) में 15 अक्टूबर को स्लीपर में 47 वेटिंग और एसी-3 में 29 वेटिंग है। 16 और 17 अक्टूबर को भी लगभग सभी कोचों में लंबी वेटिंग है। हालांकि 21 अक्टूबर को स्लीपर में 16 सीटें, एसी-3 और एसी-2 में भी सीटें उपलब्ध हैं।
ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12101) में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 49 वेटिंग और एसी-3 में 41 वेटिंग चल रही है, जबकि एसी-2 में बुकिंग बंद है। गीतांजलि एक्सप्रेस (12859) और हावड़ा मेल (12809) में 15 से 22 अक्टूबर के बीच अधिकांश श्रेणियों में रिग्रेट या लंबी वेटिंग की स्थिति है।
कर्मभूमि एक्सप्रेस (22511) में 21 अक्टूबर को स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 तीनों श्रेणियों में बुकिंग बंद हो चुकी है, स्लीपर में टिकट कन्फर्म होने की 91 प्रतिशत संभावना बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।