रविवार, 13 सित॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

राजनांदगांव में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद, 73.64 प्रतिशत लक्ष्य पूरा

10577 के लक्ष्य में 7789 किशोरियों का टीकाकरण

05 सित॰ 2026 17 व्यू
राजनांदगांव में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद, 73.64 प्रतिशत लक्ष्य पूरा

राजनांदगांव। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान को उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। निर्धारित 10,577 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 7,789 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जो 73.64 प्रतिशत उपलब्धि है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिक्षा विभाग और जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों से समन्वय कर पात्र किशोरियों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है और अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम, मितानिनों, प्राचार्यों और शिक्षकों से समन्वय के साथ शेष पात्र किशोरियों का टीकाकरण जल्द पूरा करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण महत्वपूर्ण कदम है। अभिभावकों से समय पर टीकाकरण कराकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।