Monday, 09 Nov 2026 हिंदी | EN
REGIONS

ग्रामीणों को मिलेगा शुद्ध पानी, अक्तवार और घघरा के सार्वजनिक हैंडपंपों का हुआ क्लोरीनेशन

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का अभियान

22 Jul 2026 62 views
ग्रामीणों को मिलेगा शुद्ध पानी, अक्तवार और घघरा के सार्वजनिक हैंडपंपों का हुआ क्लोरीनेशन

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के विकासखंड भरतपुर अंतर्गत ग्राम अक्तवार एवं घघरा में सार्वजनिक हैंडपंपों का क्लोरीनेशन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभियान का उद्देश्य पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा जल जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम करना है।

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता आकाश पोद्दार के निर्देशानुसार एवं सहायक अभियंता जयंत कुमार चंदेल के मार्गदर्शन में विभाग की तकनीकी टीम एवं हैंडपंप टेक्निशियनों ने सभी सार्वजनिक हैंडपंपों में निर्धारित मानक के अनुसार 30 एमएल क्लोरीन का उपयोग कर क्लोरीनेशन किया। इस प्रक्रिया से पेयजल में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं एवं संक्रमण फैलाने वाले सूक्ष्मजीवों का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया।

 

अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, जल गुणवत्ता बनाए रखने तथा जल संरक्षण के महत्व के संबंध में भी जागरूक किया। ग्रामीणों ने विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए सार्वजनिक जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित पेयजल के संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल गुणवत्ता संरक्षण एवं क्लोरीनेशन संबंधी अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो सके तथा जल जनित रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सके।