Sunday, 09 Aug 2026 हिंदी | EN
Regional

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 150 खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल, पांच विधाओं में दी चुनौती

09 Jul 2026 0 views
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 150 खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल, पांच विधाओं में दी चुनौती

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला खेल अधिकारी के मार्गदर्शन में गुरुकुल खेल मैदान गौरेला में आयोजित जिला स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के कुल 150 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 

 

इनमें ताइक्वांडो में 65, जिम्नास्टिक में 25, स्केटिंग में 25, तीरंदाजी में 20 तथा फुटबॉल में 15 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के अंतिम दिन जिला स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन हुआ। खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन के साथ उन्हें आगामी संभाग एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का अवसर भी प्राप्त हुआ।
      

 

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी एवं जिला खेल अधिकारी सीमा डेविड ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करते हुए जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का आह्वान किया।