बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर एक्टिव होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 सितंबर को प्रदेश में एक-दो जगह हल्की बारिश होगी, वहीं 9 सितंबर से बारिश की गतिविधि बढ़ेगी। कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिलासपुर में सोमवार को बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के बिलासपुर सेंटर के अनुसार अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। धूप के कारण गर्मी और उमस महसूस की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि 8 सितंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिलासपुर में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 9 सितंबर से बारिश बढ़ेगी। अगले दो दिनों में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि एक-दो जगह भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है।
मौसम प्रणाली के तहत उत्तर प्रदेश के मध्य भाग में लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा।
बारिश थमे दो-तीन दिन ही हुए हैं और शहर की सड़कों पर धूल उड़ने लगी है। इससे वायरल बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े हैं। डॉक्टरों ने मास्क या स्कार्फ बांधकर निकलने की सलाह दी है।