बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने पीडिया एवं कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी/199 एवं एफ/199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
रायफल, 10 IED, डेटोनेटर बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप बरामद किए गए। बरामद सामग्री में 7 रायफल शामिल हैं, जिनमें एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल है। इसके अलावा 10 IED, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक एवं स्टील कंटेनर समेत IED निर्माण में उपयोग होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सली वर्दी बरामद की गई है। कुल 99 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है।
सतर्कता के साथ ऑपरेशन पूरा
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार चल रहे अभियान से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। 199वीं वाहिनी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियान जारी रखने की बात कही है।