भिलाई। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित करहीडीह तालाब के पास रविवार सुबह करीब 9 बजे टेस्ट ड्राइव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार चला रहे नाबालिग ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। तेज रफ्तार कार मिट्टी के किनारे से टकराकर सीधे तालाब में जा गिरी। कार में सवार तीनों नाबालिगों ने समय रहते दरवाजा खोलकर बाहर निकलकर जान बचा ली।
हादसा इतना अचानक था कि कार तालाब की ओर जाते हुए एक बच्चे के बेहद करीब से गुजरी। बच्चे ने दौड़कर जान बचाई। तालाब किनारे खड़ी एक बकरी कार की चपेट में आ गई।
चौकी प्रभारी समीत मिश्रा के अनुसार कार में दो 17 वर्षीय और एक कम उम्र का नाबालिग सवार था। एक युवक ने कार चलाने की कोशिश की, अनुभव न होने से एक्सीलेटर दब गया। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों ने दुर्ग के एक परिचित ऑटो डीलर से कार खरीदने के लिए टेस्ट ड्राइव पर ली थी और बयाना भी दिया था।
प्रारंभिक जांच में नाबालिगों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।