Raipur | राज्यों से
रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के बस्तर के 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में विशेष भोज देंगी। इस ऐतिहासिक मौके पर सीएम विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

बस्तर का यह प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है। यह दौरा बस्तर की संस्कृति और विकास को राष्ट्रीय मंच पर ले जाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कौन-कौन शामिल हैं प्रतिनिधिमंडल में ?
164 सदस्यीय इस प्रतिनिधिमंडल में बस्तर के परगना मांझी, चालकी, समाज प्रमुख शामिल हैं। इसके साथ ही बस्तर पंडुम-2026 के जनजातीय कलाकार, समाज के प्रतिनिधि और पद्मश्री सम्मानित हस्तियां भी दिल्ली पहुंची हैं।
यह पहली बार है जब इतने बड़े बस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित कर सम्मानित किया जा रहा है।
राष्ट्रपति से क्या करेंगे जिक्र ?
राष्ट्रपति भवन में मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था से राष्ट्रपति को अवगत कराएगा।
साथ ही प्रतिनिधिमंडल नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता और बस्तर में अब स्थापित हो रही शांति की जानकारी देगा। विकास, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों पर भी चर्चा होगी। प्रतिनिधिमंडल देश के नेतृत्व के प्रति आभार भी व्यक्त करेगा।
सीएम साय का दो दिवसीय दिल्ली प्रवास
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम विष्णु देव साय बुधवार देर शाम दो दिवसीय दिल्ली प्रवास पर रवाना होंगे।
दिल्ली में उनके कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी से भी भेंट होने की संभावना है।
सीएम साय 1 अगस्त को रायपुर लौटेंगे।
बस्तर के लिए क्यों है खास
राष्ट्रपति भवन में इस तरह का विशेष भोज बस्तर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगा। इससे बस्तर की कला, संस्कृति और यहां हो रहे बदलावों को देश-दुनिया के सामने रखने का मौका मिलेगा।