Durg | राज्यों से
दुर्ग। जिले के नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर प्रस्तावित करीब 43 करोड़ रुपए के ओवरब्रिज को लेकर स्थानीय रहवासियों का विरोध तेज हो गया है। रविवार को सैकड़ों की संख्या में नेहरू नगर के निवासी अग्रसेन चौक के पास एकत्रित हुए और जमकर प्रदर्शन किया।

दुकानदारों ने शटर गिराकर जताया विरोध
दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक दुकानदारों ने आधे शटर गिराकर अपना विरोध जताया, वहीं स्थानीय रहवासियों ने काली पट्टी बांधकर प्रस्तावित ओवरब्रिज के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक रिकेश सेन भी वहां पहुंचे और आश्वासन दिया कि नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज नहीं बनाया जाएगा।
सड़क की चौड़ाई होगी कम
दरअसल प्रस्तावित ओवरब्रिज को सेक्टर-7 से नेहरू नगर को जोड़ने वाले ब्रिज से जोड़े जाने की योजना है। यह ब्रिज नेहरू नगर मुख्य मार्ग से होते हुए केपीएस चौक तक बनाए जाने का प्रस्ताव है। रहवासियों का कहना है कि यदि मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज बनाया गया तो सड़क की चौड़ाई बेहद कम हो जाएगी और लोगों को घरों में आने-जाने के साथ-साथ रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कहीं और ट्रांसफर कराने की कोशिश होगी
विरोध की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रिकेश सेन धरना स्थल पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। विधायक ने कहा कि ओवरब्रिज को लेकर स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि नेहरू नगर मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज नहीं बनाया जाएगा और इसे किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का प्रयास किया जाएगा।