मंगलवार, 13 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की कुल्हाड़ी से हत्या, 22 साल का पड़ोसी गिरफ्तार

13 अक्तू॰ 2026 1 व्यू
रायपुर में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की कुल्हाड़ी से हत्या, 22 साल का पड़ोसी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरबिरा गांव में तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के संदेह में एक बुजुर्ग किसान दंपत्ति की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक दंपत्ति के 22 वर्षीय पड़ोसी रॉकी साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार और चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिरबिरा गांव निवासी सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी असाबती साहू (62) गांव में अकेले रहते थे और उनके पास 10 एकड़ कृषि भूमि थी। उनके दो बेटे रायपुर में नौकरी करते हैं और दो बेटियों का विवाह हो चुका है।

 

यह वारदात 6 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की है। आरोपी रॉकी साहू कुल्हाड़ी और हसिया लेकर छत के रास्ते घर में घुसा। उसने पहले सदाशी साहू पर जानलेवा हमला किया और फिर दूसरे कमरे में सो रही उनकी पत्नी असाबती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

हत्या के बाद आरोपी महिला के शरीर से सोने-चांदी के गहने और घर में रखे अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गया। आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से खून से सने हथियारों को नाले में धोया, एक सफेद बोरी में भरकर तामसिवनी रोड की झाड़ियों में छिपा दिया और अपने खून लगे कपड़े बदल लिए।

 

8 अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस टीम, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए रॉकी साहू ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, खून से सनी जीन्स और चोरी के जेवरात जब्त कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ टोंही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।