मंगलवार, 13 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

रायगढ़: साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड का किया भंडाफोड़, महिला आरोपी गिरफ्तार

13 अक्तू॰ 2026 1 व्यू
रायगढ़: साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग फ्रॉड का किया भंडाफोड़, महिला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शेयर मार्केट में कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से करीब 70 लाख 77 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस ठगी की मुख्य आरोपी महिला मेनका सारथी को सक्ती जिले के ग्राम बरतुंगा से गिरफ्तार किया है।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर सेल की टीम ने यह कार्रवाई की है। मामले में फरार आरोपी महिला के पति अक्षय सारथी और उसकी मां मीरा सोनवानी की तलाश जारी है।

 

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

 

जांच में सामने आया है कि आरोपी मेनका सारथी ने अपने पति, मां और एक पुरुष मित्र के साथ मिलकर ठगी की पूरी साजिश रची थी। वह जब भी अपने मायके ग्राम जतरी आती थी, तो ग्रामीण महिलाओं को बताती थी कि उसका पति शेयर मार्केट में पैसा लगाकर मोटा मुनाफा कमा रहा है।

 

उसकी बातों में आकर ग्राम जतरी की हारा बाई निषाद, अनिता निषाद सहित 11 महिलाओं ने अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच लाखों रुपये आरोपियों को दे दिए। शुरुआत में आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए कुछ महिलाओं को मुनाफे के साथ पैसा लौटाया भी, लेकिन बाद में मूलधन और मुनाफा दोनों देना बंद कर दिया।

 

पैसे मांगने पर दी जेल भिजवाने की धमकी

 

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया और उन्हें ही जेल भिजवाने की धमकी देने लगे। कई महिलाओं ने तो बैंक से लोन लेकर आरोपियों को पैसे दिए थे, जिसकी किस्तें अब वे खुद भर रही हैं।

 

पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों के लेनदेन का पता लगाया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और बैंक से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देने वाले जालसाजों से बचें और किसी भी योजना में निवेश करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें।