Tuesday, 13 Oct 2026 हिंदी | EN
REGIONS

गन्ना किसानों के हित में बड़ा फैसला, अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी

13 Oct 2026 1 views
गन्ना किसानों के हित में बड़ा फैसला, अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और किसान परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हों, इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

 

मुख्यमंत्री साय से आज भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

 

भेंट के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें गन्ना उत्पादक किसानों का विषय प्रमुखता से सामने आया। मुख्यमंत्री ने किसानों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए त्वरित पहल की और खरीदी दर बढ़ाने का निर्णय लिया। पेराई सत्र 2025-26 में की गई खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर पर किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा।