Wednesday, 14 Oct 2026 हिंदी | EN
REGIONS

छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सऐप हैक

साइबर ठगों ने QR कोड भेजकर मांगे 32 हजार

14 Oct 2026 2 views
छत्तीसगढ़ की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सऐप हैक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने की गंभीर घटना सामने आई है। साइबर ठगों ने उनके नंबर का इस्तेमाल कर संपर्कों को संदेश भेजे और यूपीआई सेवा बाधित होने का बहाना बनाकर ₹32,000 की तत्काल वित्तीय सहायता मांगी। मैसेज के साथ पैसे ट्रांसफर करने के लिए एक क्यूआर कोड भी भेजा गया था।

 

मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री ने जनता को सतर्क रहने की अपील की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चेतावनी जारी की। उन्होंने लोगों से किसी भी अज्ञात अनुरोध पर पैसे न भेजने, क्यूआर कोड स्कैन न करने और किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने का आग्रह किया। लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ऐसा कोई भी संदेश मिलने पर संबंधित व्यक्ति से सीधे पुष्टि अवश्य करें।

 

घटना की शिकायत तुरंत साइबर सेल में दर्ज कराई गई है, जिसने जांच शुरू कर दी है। यह घटना उस समय हुई जब मंत्री सूरजपुर में एक सड़क सुरक्षा कार्यक्रम और बाइक रैली में शामिल थीं।

 

छत्तीसगढ़ में किसी प्रमुख राजनीतिक हस्ती का व्हाट्सऐप हैक होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम, पाली-तानाखार के विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम और पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह के अकाउंट भी हैक कर लोगों से पैसे मांगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस साइबर सेल इस पूरे नेटवर्क को ट्रेस करने और मंत्री के अकाउंट को सुरक्षित करने में जुटी है।