रविवार, 13 सित॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

बलरामपुर में कलेक्टर से अभद्रता, AAP नेता लव दुबे हिरासत में

कलेक्टोरेट में घंटों रहा तनाव

08 सित॰ 2026 8 व्यू
बलरामपुर में कलेक्टर से अभद्रता, AAP नेता लव दुबे हिरासत में

बलरामपुर। कलेक्टोरेट परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आम आदमी पार्टी के नेता पर कलेक्टर से अभद्रता का आरोप लगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आप के प्रदेश प्रवक्ता लव दुबे को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद कलेक्टोरेट में काफी देर तक तनाव रहा।

 

दरअसल, ‘सड़क सत्याग्रह आम नागरिकों का मंच’ के बैनर तले 40 से 50 ग्रामीण जर्जर सड़कों और हादसों की समस्या लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे थे। प्रशासन ने ज्ञापन लेने के लिए 10 प्रतिनिधियों को कलेक्टर कक्ष में प्रवेश दिया था, जिसमें लव दुबे भी शामिल थे।

 

थाना प्रभारी भापेंद्र साहू के अनुसार, चर्चा के दौरान लव दुबे कथित तौर पर कलेक्टर से अभद्र व्यवहार करने लगे। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। परिसर के बाहर लाए जाने के बाद भी आचरण नहीं बदलने पर पुलिस को कड़ा रुख अपनाना पड़ा।

 

ग्रामीण निर्माणाधीन डबल लेन सड़क की घटिया गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोशित थे। उन्होंने घटिया निर्माण की उच्चस्तरीय जांच, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और खस्ताहाल सड़कों के कारण हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को 20-20 लाख मुआवजा देने की मांग की है।