मंगलवार, 13 अक्तू॰ 2026 हिंदी | EN
क्षेत्र

अंबिकापुर में इंडिया गठबंधन का 'वोट बचाओ, देश बचाओ' मार्च

चुनाव आयोग पर लगाए वोट चोरी के आरोप

13 अक्तू॰ 2026 2 व्यू
अंबिकापुर में इंडिया गठबंधन का 'वोट बचाओ, देश बचाओ' मार्च

अंबिकापुर। देश की निर्वाचन प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन ने आक्रामक रुख अपना लिया है। कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई ने एकजुट होकर 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के पहले चरण के तहत विशाल संयुक्त रैली निकाली।

 

कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ यह विरोध मार्च कलेक्टोरेट चौक और विवेकानंद चौक से होता हुआ गांधी प्रतिमा स्थल तक पहुंचा, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन समाप्त हुआ।

 

प्रदर्शन के दौरान गांधी चौक पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने वयस्क मताधिकार से संबंधित संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

 

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर देश भर में लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। वहीं सीपीआई प्रतिनिधि कामरेड अनिल द्विवेदी ने चेताया कि देश की मौजूदा चुनावी व्यवस्था धीरे-धीरे 'इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी' यानी चुनावी तानाशाही की तरफ बढ़ रही है।

 

रैली के बाद आयोजित आमसभा में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव कराने के बजाय वोट चोरी के मामलों को बढ़ावा दिया जा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाकर गिरफ्तार किए जाने की मांग की। सीपीएम नेता चंद्र प्रकाश शुक्ला ने भी कहा कि भाजपा के संरक्षण में लोकतांत्रिक संस्थाओं और निष्पक्ष चुनाव तंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

 

इसी दौरान दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा 'काला दिवस' मनाया गया। हाथों में काले बैनर-पोस्टर और बांहों पर काली पट्टी बांधकर कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि पार्टी किसी भी तरह के दमन से पीछे नहीं हटेगी और संवैधानिक मूल्यों की लड़ाई सड़क से संसद तक जारी रहेगी।